रूस और अमेरिका (अंश)
डब्ल्यू. ई. बी. डु बोइस
इंग्लैंड का ख़ौफ़ ही जापान को आगे बढ़ा रहा था। इंग्लैंड का चीन, भारत, ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड पर वर्चस्व था। अगर भगवान की कृपा और जापानियों की चौकसी न होती, तो शायद जापान भी उसी के क़ब्ज़े में होता। रूस-जापान युद्ध के दौरान और उसके बाद, जब इंग्लैंड ने जापान की ताक़त और क़ाबिलियत को पहचाना, तब उसने जापान के साथ बराबरी के दर्जे पर गठबंधन किया। लेकिन बाद में, किसी ज़ाहिर वजह के बिना—सिवाय उस अनकहे नस्ली भेद के जो अमेरिका, दक्षिण अफ़्रीका, ऑस्ट्रेलिया और यहाँ तक कि ब्रिटेन में भी मौजूद था, और जिसकी वजह से वे अपनी तक़दीर को "पीली नस्ल" के लोगों के साथ जोड़ना नहीं चाहते थे—यह गठबंधन ख़त्म हो गया।
पहले विश्वयुद्ध के बाद जब चीन बिखराव की हालत में था, तब जापान जानता था कि अगर उसने मंचूरिया पर क़ब्ज़ा नहीं किया, तो यूरोपीय ताक़तें ज़रूर कर लेंगी—जैसे इंग्लैंड ने हांगकांग पर क़ब्ज़ा किया था, फ़्रांस ने अननाम (वियतनाम) पर, और युद्ध से पहले जर्मनी और रूस चीन के बड़े-बड़े हिस्से अपने अधिकार में लेते जा रहे थे। इसलिए जब जापान ने चीन के उस हिस्से पर क़ब्ज़ा किया जो अराजकता के सबसे क़रीब था, तो इंग्लैंड, अमेरिका और पूरा श्वेत संसार शोर मचाने लगा। उधर चीन ने अपने आपको सँभाला और यूरोप की कमज़ोरी तथा जापान के प्रति यूरोप के डर की वजह से सुरक्षित रहकर तेज़ी से आगे बढ़ना शुरू किया। लेकिन उसने जापानी आक्रामकता के प्रति अपनी कड़वाहट को ही राष्ट्रीय एकता और शक्ति का सबसे बड़ा आधार बना लिया, और यूरोपीय देशों की उस पर कहीं लंबी और कहीं अधिक कठोर आक्रामकताएँ लगभग भुला दीं।
जापान अपने आपको दो पाटों के बीच पिसता हुआ महसूस करने लगा। चीन के साथ ख़ून के रिश्ते और सांस्कृतिक निकटता के आधार पर मेल-मिलाप की जो संभावना थी, वह युद्ध और बहिष्कार की वजह से समाप्त हो गई। उनके बीच नफ़रत इतनी गहरी हो गयी कि उसकी मिसाल मिलना मुश्किल है। यूरोपीय ताक़तों ने खुलकर भी और परोक्ष रूप से भी एशियाई लोगों के बीच फूट डालने का काम किया, जिसका सबसे ज़्यादा फ़ायदा उन्हीं को पहुँचा। 1936 में शंघाई से निकलने वाले अंग्रेज़ी अख़बार बड़ी तटस्थता का दिखावा करते हुए ऐसी हर ख़बर और अफ़वाह छापते थे जो चीन को जापान के ख़िलाफ़ भड़का सके। फिर यूरोप में दोबारा हथियारबंदी शुरू हुई और जापान अपने आपको उससे अलग पाया। ऐसे में उसे लगा कि उसके पास जर्मनी और इटली से गठबंधन करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा—हालाँकि जर्मनी पीली नस्लों को तुच्छ समझता था और इटली के हाथ अफ़्रीका के अश्वेत लोगों के ख़ून से रंगे हुए थे।
सबसे बुरी बात यह थी कि फ़ासीवाद के साथ जापान के यह गठबंधन ने उसे रूस का दुश्मन बना दिया। एक मायने में यह स्वाभाविक भी था कि जापान उसी यूरोपीय शक्ति से दूरी बनाए जिसके विरुद्ध अपनी पहली बड़ी जीत हासिल करके उसने विश्व की प्रमुख राष्ट्रों की पंक्ति में स्थान पाया था। इसके अलावा, रूसी क्रांति के कुछ पहलू ऐसे थे जो जापान की संवेदनाओं को सीधे चोट पहुँचाते थे—जैसे कुलीन वंशों की सत्ता और धार्मिक रूढ़ियों पर उसका प्रहार। लेकिन जापान की पारिवारिक और सामुदायिक व्यवस्था उस व्यवस्था से बहुत अलग थी जिस पर रूस ने हमला किया था। उसी तरह रूसी ऑर्थोडॉक्स चर्च का शिंतो की सांस्कृतिक परंपराओं और रीति-रिवाज़ों, बल्कि जापान में प्रचलित उदार बौद्ध धर्म से भी कोई वास्तविक साम्य नहीं था।
इन सब कारणों से जापान का सोवियत संघ के विरोध की ओर झुकना स्वाभाविक था। लेकिन असली वजह, बेशक, पूँजीपति वर्ग का भय था। जापान का उद्योग पाँच बड़े औद्योगिक-व्यापारिक घरानों के नियंत्रण में था। ये लोग उदार भी थे और देशभक्त भी। सरकार ने करदाताओं के धन से उन्हें सहायता दी थी, कई बार पूँजी भी उपलब्ध कराई थी और आधुनिक तकनीक भी। बदले में वे सरकार की कर-नीति या सहयोग की किसी भी माँग से इंकार न करते थे और न कर सकते थे। इसके अतिरिक्त, पारिवारिक और वंशगत संबंध उन्हें सबसे ग़रीब किसान तक से जोड़ते थे। लेकिन आख़िरकार वे पूँजीपति ही थे और अंतरराष्ट्रीय पूँजी से भी उनका गहरा रिश्ता था। रूस का साम्यवाद, जो समाज को वर्गों के आधार पर देखने की बात करता था, उन्हें भयभीत करता था। वे उसकी जगह अपनी उसी ऊर्ध्वाधर पारिवारिक व्यवस्था को अधिक पसंद करते थे, जिसमें समाज परिवार और वंश के सूत्र से बँधा रहता है।
फिर भी, सरकार पर उनका प्रभाव उतना सर्वशक्तिमान नहीं था जितना यूरोप के अनेक देशों में पूँजीपतियों का हुआ करता था। उनके ऊपर सम्राट की सत्ता थी, जापानी परिवार-व्यवस्था की शक्ति थी, और सबसे बढ़कर जापानी जनता का अपने राष्ट्रीय भाग्य में गहरा विश्वास था।
जापान में ग़रीबी थी; दमन भी था; लोकतांत्रिक स्वतंत्रता भी नहीं थी। लेकिन आधुनिक दुनिया में शायद ही कोई ऐसा देश था जहाँ साक्षरता का स्तर इतना ऊँचा हो। इसका प्रमाण उन समाचारपत्रों का प्रसार था जिनकी प्रतियाँ दस लाख, तीस लाख, यहाँ तक कि पचास लाख तक पहुँचती थीं। जापानी मज़दूर ख़ुश नहीं था, लेकिन वह पूरी तरह निराश भी नहीं था। यह किसी जड़ता या बेहोशी का परिणाम नहीं था, बल्कि सरल जीवन की पुरानी स्मृतियों, सीमित आवश्यकताओं और इस अटूट विश्वास का फल था कि अंततः भलाई की ही विजय होगी।
तो फिर, इतनी ग़लतफ़हमियों, निराशाओं और विफलताओं के बावजूद; निजी मुनाफ़े के लिए धन और उद्योग के शासन के बावजूद; और सैन्यवाद के प्रभुत्व के बावजूद—जो अमेरिका से न अधिक बुरा था, न कम—आधुनिक संसार में और कहाँ ऐसा समाज मिलेगा जो जापानियों की तरह इतना बुद्धिमान, इतना अनुशासित, इतना स्वच्छ, इतना समय का पाबंद और मानवीय अच्छाई-बुराई के प्रति इतना सहज रूप से सजग हो?
और 1936 की दुनिया में, अंततः उद्योग को निजी मुनाफ़े के बजाय जनकल्याण के आधार पर संगठित करने की दिशा में, तथा ऐसी लोकतांत्रिक व्यवस्था की ओर जो वास्तव में आम जनता को अपने भीतर समाहित करे और उसी के हित में संचालित हो—उसका नेतृत्व जापान से बेहतर और कौन कर सकता था?
बेशक, 1936 का जापान स्वयं उस मंज़िल से अभी बहुत दूर था। मतदान का अधिकार कुछ ही लोगों तक सीमित था और मतदाताओं की वास्तविक शक्ति भी बहुत कम थी। टोक्यो में भी धन की ही हुकूमत थी—ठीक वैसे ही जैसे न्यूयॉर्क, लंदन और पेरिस में थी।
इस कार्यक्रम का चीन ने लगातार और बढ़ती हुई दृढ़ता से विरोध किया। फिर आगे क्या हो सकता था?
आगे यह संभव था कि जापान अपने उद्देश्य पर पुनर्विचार करता। और यदि ऐसा होता, तो जापान और चीन बराबरी के आधार पर मिलकर पूरे पूर्वी एशिया के औद्योगीकरण का प्रयास करते। वे ऐसी वस्तुएँ बनाते जिनकी आवश्यकता सबसे पहले स्वयं एशिया के लोगों को थी, और साथ ही वे वस्तुएँ भी जिनकी ज़रूरत दुनिया के दूसरे हिस्सों को थी। चीन और जापान की विशाल जनता जिन चीज़ों की मुहताज थी, उनका वितरण भी चीन में बढ़ती साम्यवादी प्रवृत्तियों के दबाव में एक नए आधार पर होता। वह आधार पश्चिमी आदर्शों जैसा न होता, जिनका जापान उस समय तक काफ़ी सख़्ती से पालन कर रहा था, बल्कि रूस के आदर्शों के कहीं अधिक निकट होता। और आश्चर्य की बात यह होती कि उसमें जापानी पारिवारिक उद्योग-व्यवस्था की उस परंपरा की भी झलक मिलती, जो पूरे राष्ट्र को एक औद्योगिक परिवार के रूप में देखती थी, न कि यूरोप की तरह परस्पर संघर्षरत वर्गों में बँटी हुई व्यवस्था के रूप में।
निस्संदेह, उद्योग से निजी मुनाफ़े के उन्मूलन के मामले में यह व्यवस्था मार्क्सवादी होती—एक ऐसा लक्ष्य जिसकी ओर एशिया में परिवार और राज्य पर आधारित सामुदायिक परंपराएँ पहले से ही झुकाव रखती थीं, लेकिन जिस पर यूरोपीय प्रभाव ने बार-बार रोक लगा दी थी। आय के वितरण में भी यह मार्क्सवादी सिद्धांत का अनुसरण करती और ज़रूरत के अनुसार बाँटने की पक्षधर होती। लेकिन साथ ही यह अपने चरित्र में विशिष्ट रूप से एशियाई भी हो सकती थी। इसमें समाज का संगठन यूरोप की तरह क्षैतिज वर्ग-विभाजन के आधार पर नहीं, बल्कि परिवार और वंश के ऊर्ध्वाधर संबंधों के आधार पर होता। यूरोप के सामने जहाँ एक नए बुर्जुआ वर्ग के उभरने का प्रलोभन हमेशा बना रहता है, वहाँ एशिया इस रास्ते से बच सकता था।
ऐसी व्यवस्था को साकार करने के लिए सोचने का एक बिल्कुल नया एशियाई तरीक़ा विकसित करना पड़ता। लेकिन संभावना यह थी कि भारत से, बौद्ध धर्म और शिंतो परंपरा से, तथा जापान और चीन की प्राचीन नैतिक धरोहर से प्रेरणा लेकर साम्यवाद का एक ऐसा रूप विकसित किया जा सकता था जो यूरोप के सभी समाजवादी प्रयोगों से भिन्न होता। वह ऐसा साम्यवाद होता जिसमें एशिया की तरह चरित्र, नैतिकता और आत्मिक जीवन पर ज़ोर दिया जाता; जहाँ पारिवारिक निष्ठा और पारस्परिक स्नेह सामाजिक जीवन की बुनियाद बनते। संभव है कि ऐसी व्यवस्था थर्मीडोर जैसी प्रतिक्रिया से भी बचा सके; अर्थात् उस प्रवृत्ति को रोक सके जिसके कारण पश्चिमी समाजवादी राज्य धीरे-धीरे एक नौकरशाही में बदल जाते हैं।
गाँधी और टैगोर के विचारों से, जापान और चीन की सांस्कृतिक परंपराओं से प्रेरणा लेकर शायद एक ऐसे व्यापक लोकतंत्र की रचना संभव होती जिसमें मज़दूर वर्ग की तानाशाही धीरे-धीरे स्वयं उसी लोकतंत्र में विलीन हो जाती। तब समाजवाद विचार की स्वतंत्रता का निषेध और और विज्ञान एवं कला के प्रचार तथा कार्रवाई का अत्याचार बनने के बजाय, आत्मा के एक महान लोकतंत्र के रूप में विस्तारित हो जाए।
यहीं एक महान आशा निहित थी—एक अत्यंत व्यापक और गहरी आशा। लेकिन सबसे बड़ा दुःख इस बात का था कि सोवियत रूस का भय, और जर्मनी तथा शायद इटली के आकर्षण, जापान को चीन और समूचे एशिया से दूर ले जा रहे थे। वे उसे एक ऐसे फ़ासीवादी गुट का हिस्सा बनाने की ओर धकेल रहे थे जिसे अंततः यदि सभ्य और मानवीय संसार जीवित रहना चाहता, तो नष्ट करना ही पड़ता—अन्यथा स्वयं उसी संसार का विनाश निश्चित होता।
It was the fear of England that was pushing Japan. England dominated China and India, Australia and New Zealand. But for the grace of God and the vigilance of the Japanese, she would own Japan. At one time during and after: the Russo-Japanese war, recognizing the power and ability of the Japanese, England made alliance with her as an equal. Then, with no reason, except the unstated one of color prejudice in America, South Africa, and Australia and even Britain, of unwillingness to link her fortunes with yellow people, the alliance lapsed in
When after the World War, China was disintegrating, Japan knew that unless she seized Manchuria, Europe would — just as England seized and holds Hong Kong; France, Annam; and Germany and Russia large and larger slices, before the war. When Japan seized that part of China which was nearest anarchy, England, America, and the white world howled, China braced herself and, protected by European weakness and Europe's fear of Japan, began a forward development. But she let her bitterness toward Japanese aggression become a leading motive in her quest for new unity and strength, forgetting all about the worse and longer aggressions of white Europe.
Japan found herself between the devil and the deep blue sea; rapprochement with China, based on blood kinship and cultural likeness, was stopped by war and boycott, that reached unbelievable depths of hatred. Europeans secretly and openly encouraged a split between colored people which played greatly into their hands. English papers, in 1936, in Shanghai retailed with calm impartiality every scrap of news and gossip calculated to influence China against Japan. Then came rearmament in Europe, with Japan outside. There seemed nothing for her to do but seek alliance with Germany and Italy, despite the fact that Germany despises yellow races, and Italy's hands are red with the blood of black Africa.
Worst of all, this alliance of Japan with Fascism sets her down as the enemy of Russia. It was, of course, logical for Japan to recoil from her first European antagonist, whose defeat placed her in the family of nations. Moreover, certain points of the Russian Revolution touch Japan on the raw — the attack on clan rule and religious dogma. But the Japanese family group was widely differs from what Russia rightly attacked; and the Russian orthodox Church had no remote resemblance to Shinto cultural traditions and customs, or even to tolerant Buddhism as it exists in Japan.
These things disposed Japan to oppose the Soviets. But, of course, the underlying motive was the fear among the capitalists. Japanese industry is controlled by five great groups of capitalists. They are generous
and patriotic men. They have been helped and often financed and furnished technique by the government, at the expense of the taxpayer. They would not and could not deny any demand of the government in the line of taxation or cooperation. Then clan affiliation ties them to the lowest peasant. But they are capitalists and allied with international capital. They fear Russian Communism with its broad class strata and prefer their own vertical family division. Yet their supremacy in government influence is not as great as in many European lands. Above them stands Imperial authority and the power of the Japanese family, and the deep belief of the Japanese people in their destiny.
There is poverty in Japan; there is oppression; there is no democratic freedom. But nowhere in the modern world is there higher literacy, as newspaper circulations of one, three, and even five millions prove. The Japanese laborer is not happy but he is not hopelessly discontented, and this is not stupor, but rather age-long memory of simple wants and joys, and firm faith in ultimate Good.
Where, then, in spite of cruel misunderstanding and frustration, in spite of the rule of wealth and industry for private profit; in spite of the dominant military spirit, no worse but just as bad as in America, where else in the modern world is there a people so intelligent, so disciplined, so clean and punctual, so instinctively conscious of human good and ill, as the Japanese? And where could the world of 1936 better look for leadership eventually toward industry based on well-being and not on private profit, and to a democracy which includes the masses of people and is conducted for their benefit? Japan was far from this in 1936. Few voted and voters were limited in power. Wealth ruled in Tokyo, as well as in New York and London, and Paris.
The resistance of China to this program was great and growing. What next? Next could come a change in object on the part of Japan, and a change would mean that Japan and China together as equals would try to industrialize the East and produce goods which the East itself needs, as well as goods needed by the rest of the world. And these goods which the masses of China and Japan need, would by the pressure of
the communist trends in China be distributed upon a new basis, not according to the ideals of the West which Japan is now following so strictly; but according to a new ideal much nearer that of Russia and strangely enough corresponding also in part with that integration of Japanese family industry, which makes the nation one industrial whole instead of the class-divided industrial system which one expects.
It must, of course, be Marxian in its abolition of industrial profit, toward which family and state communism in Asia already tends, but which has been frustrated by European influence. It must be Marxian in its division of income according to need; but it may be distinctly Asiatic in its use of the vertical clan division and family tie, instead of reaction toward a new bourgeoisie along horizontal class layers which must be the temptation of Europe.
It would take a new way of thinking on Asiatic lines to work this out; but there would be a chance that out of India, out of Buddhism and Shintoism, out of the age-old virtues of Japan and China itself, to provide for this different kind of Communism, a thing which so far all attempts at a socialistic state in Europe have failed to produce; that is a communism with its Asiatic stress on character, on goodness, on spirit, through family loyalty and affection might ward off Thermidor; might stop the tendency of the Western socialistic state to freeze into bureaucracy. It might through the philosophy of Gandhi and Tagore, of Japan and China, really create a vast democracy into which the ruling dictatorship of the proletariat would fuse and deliquesce; and thus instead of socialism becoming a stark negation of the freedom of thought and a tyranny of action and propaganda of science and art, it would expand to a great democracy of the spirit.
There is hope here, vast hope. But the horror of it all is to see the fear of Soviet Russia and the blandishments of Germany and, perhaps, even of Italy, seducing Japan away from China and Asia and seeking to create a Fascist bloc which the finer world eventually must kill, or itself perish.